पावर हाउस ब्रिज के पास चिट्टा बेचता पंजाब का तस्कर गिरफ्तार, 1.76 लाख की हेरोइन जब्त

छत्तीसगढ़ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 अक्टूबर। छावनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने पावर हाउस क्षेत्र से हेरोइन (चिट्टा) बेचते हुए एक अंतर्राज्यीय तस्कर को रंगे हाथों पकड़ा है। पकड़ा गया आरोपी पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है, जिसके कब्जे से 8.79 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
छावनी पुलिस ने बताया कि 9 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि पावर हाउस रेलवे ओवरब्रिज के नीचे, राजराजेश्वरी मंदिर के पीछे एक संदिग्ध व्यक्ति नशीले पदार्थ की अवैध बिक्री कर रहा है। पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी और संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जसवीर (45 वर्ष) निवासी ग्राम भुट्टर सिबिया थाना मेहता चौक जिला अमृतसर (पंजाब) बताया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से प्लास्टिक की थैली में रखा नशीला पदार्थ मिला।
थैली का वजन अलग करने के बाद 8.79 ग्राम शुद्ध हेरोइन पाई गई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 75 हजार 800 रूपये है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल और 500 रूपये कैश भी बरामद किए गए।
छावनी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर दुर्ग न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और स्थानीय स्तर पर किन लोगों को सप्लाई करने की फिराक में था।



