आईटीएमएस वार रूम से होगी शहर की व्यवस्थाओं की निगरानी

प्रमुख सचिव बोरा नेअवैध निर्माण पर की समीक्षा
रायपुर, 9 अक्टूबर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने शहर के समग्र विकास और बेहतर प्रबंधन के लिए आईटीएमएस वार रूम को सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जयस्तंभ चौक स्थित मल्टी लेवल पार्किंग के तीसरे माले में संचालित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) वार रूम का निरीक्षण कर यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता और अवैध खुदाई व निर्माण पर नियंत्रण की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
प्रमुख मार्गों का होगा आकलन
बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की संख्या, यातायात के दबाव और सड़कों की क्षमता का आकलन करने पर जोर दिया गया। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और नगर निगम की संयुक्त टीम बनाकर नियमित निरीक्षण और जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर चर्चा हुई। आईटीएमएस की निगरानी व्यवस्था के जरिए गंदगी वाले स्थलों की पहचान कर त्वरित सफाई, घर-घर कचरा संग्रहण और सार्वजनिक स्थलों के बेहतर रखरखाव पर भी जोर दिया गया।
महिला सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर जोर
बोरा ने महिला सुरक्षा और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए आईटीएमएस के तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने की संभावनाओं की समीक्षा की। उन्होंने आपदा प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं, अवैध खुदाई और निर्माण पर निगरानी मजबूत करने, निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन कराने तथा नियमों के विपरीत चल रहे कार्यों पर रोक लगाने के लिए समन्वित कार्रवाई करने को कहा।
नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
बैठक में यातायात नियमों के पालन, सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी चर्चा हुई। ट्रैफिक पुलिस, आरटीओ और नगर निगम के संयुक्त प्रयासों से जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया, ताकि नागरिक व्यवहार में सुधार के साथ शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, डीसीपी अर्चना सिंह, एसीपी ट्रैफिक स्नेहिल साहू सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।



