व्यापारियों-उद्यमियों को अनुभवों और विशेषताओं से चेंबर कराएगा मार्गदर्शित

रायपुर, 9 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेशाध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि व्यापारियों और उद्यमियों के मार्गदर्शन के लिए उद्यम से विरासत तक विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया जा रहा है।
श्री थौरानी ने बताया कि व्यवसाय विस्तार, राष्ट्र निर्माण और ब्रांड निर्माण के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम 10 अक्टूबर को रायपुर में होगा। इस विशेष सत्र में दो प्रमुख वक्ता अपने अनुभवों और विशेषज्ञता के माध्यम से उपस्थित व्यापारियों एवं उद्यमियों का मार्गदर्शन करेंगे। पीएसएसी एंड एसोसिएट्स के निदेशक एवं हेलिकॉन कंसल्टिंग के संस्थापक श्री विक्रम लिमसे विकास के नए अवसरों को पहचानकर व्यवसाय को अगले स्तर तक ले जाने के विषय पर जानकारी देंगे।
श्री थौरानी ने बताया कि वे वर्तमान व्यवसाय के विस्तार, भारतीय अर्थव्यवस्था में योगदान और ब्रांड निर्माण के महत्व पर विस्तार से चर्चा करेंगे। दूसरे सत्र में पीएसएसी एंड एसोसिएट्स, रायपुर के भागीदार सीए संजीव अग्रवाल व्यवसाय को भविष्य के लिए सुरक्षित बनाने और प्रभावी उत्तराधिकार रणनीतियों के विषय पर मार्गदर्शन देंगे। वे व्यवसाय के उत्तराधिकार की योजना तैयार करने और आने वाली पीढिय़ों के लिए कारोबार को मजबूत बनाने के उपायों पर जानकारी साझा करेंगे।
श्री थौरानी ने बताया कि व्यवसाय केवल वर्तमान के मुनाफे तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे ऐसी मजबूत विरासत बनना चाहिए, जो आने वाली पीढिय़ों की सफलता की नींव रखे। सही रणनीति, ब्रांड निर्माण और दूरदर्शी सोच के माध्यम से स्थानीय व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।



