दिल्ली पुलिस की प्रेस कॉन्फ़्रेंस- ‘दीपके को उनकी दादी की मौत की सूचना दी, एयर टिकट का प्रस्ताव भी दिया था’

दस अक्तूबर को अभिजीत दीपके को विमान से हिरासत में लिए जाने के मामले में आलोचना का सामना कर रही दिल्ली पुलिस ने रविवार शाम प्रेस कॉन्फ़्रेंस करके अपना पक्ष रखा है.
दिल्ली पुलिस शाहदरा ज़ोन की डीसीपी नेहा यादव ने यह प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. इस दौरान उन्होंने सीजेपी की कुछ घंटों पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों पर अपना जवाब दिया.
उन्होंने दीपके और उनके दोनों साथियों के प्रिएम्पिटिव अरेस्ट को लेकर कहा कि उन्हें यहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी इसलिए उन्हें हिरासत में लिया.
डीसीपी ने एक रिकॉर्डेड वीडियो प्ले करके दावा किया कि पुलिस अधिकारियों को जैसे ही दीपके की दादी के देहांत की जानकारी मिली, उन्होंने दीपके के पास जाकर इसकी सूचना उन्हें दी. जिसके बाद उन्हें यह भी प्रस्ताव दिया गया कि पुलिस उन्हें हवाई यात्रा के ज़रिए उनके गांव पहुंचाने का इंतज़ाम कर सकती है.
मगर डीसीपी नेहा यादव का दावा है कि दीपके ने जाने से इनकार कर दिया. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने दीपके को दोबारा विचार करने का समय भी दिया मगर उन्होंने अपना फ़ैसला नहीं बदला.
साथ ही यह भी दावा किया गया है कि दिल्ली पुलिस ने दीपके को अपने माता-पिता से बात करने का प्रस्ताव दिया गया था जो उन्होंने नहीं स्वीकारा.
दिल्ली पुलिस ने कहा कि सीजेपी ने पुलिस की गलत छवि पेश की. साथ ही आरोप लगाया कि दीपके ने पिछले प्रोटेस्ट में भी कानून का पालन नहीं किया. इस बार भी सीजेपी ने कानून का पालन नहीं किया. इस बार दीपके को प्रदर्शन की इजाज़त नहीं दी गई थी, दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए पाबंदियां लगाई गई थीं.
दिल्ली पुलिस के दिखाए वीडियो में क्या है
इस वीडियो में अभिजीत दीपके की शक्ल का एक व्यक्ति कुर्सी पर बैठा है और दो महिला पुलिस कर्मी उन्हें दादी की मौत की सूचना देते देखी जा सकती हैं. फिर वीडियो में एक सादी वर्दी पहले पुरुष उन्हें हवाई उड़ान से जुड़ा प्रस्ताव देता है, जिस पर जवाब आता है- आई विल स्टे हियर
गौरतलब है कि इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की जा सकती है. साथ ही इस मामले में अभी तक कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.(bbc.com/hindi)

