डामर महंगा होने से सड़क निर्माण ठप, ठेकेदारों ने बढ़ी दर पर भुगतान की रखी शर्त

निगम आयुक्त ने सरकार से अनुमति मांगी, संचालक को पत्र
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 15 अक्टूबर। डामर की कीमतों में भारी वृद्धि के कारण रायपुर नगर निगम की छह सड़क निर्माण और मरम्मत के काम प्रभावित हुए हैं। ठेकेदारों ने बढ़ी हुई दर के अनुसार भुगतान होने पर ही काम आगे बढ़ाने की शर्त रखी है। इस पर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने नगरीय प्रशासन संचालनालय को पत्र लिखकर अतिरिक्त भुगतान की अनुमति मांगी है।
नगर निगम के 15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत इन छह कार्यों में कुछ अधूरे हैं, जबकि कुछ शुरू ही नहीं हो पाए हैं। निगम आयुक्त ने बताया कि मार्च 2026 से डामर की कीमतें दोगुने से अधिक हो गई हैं। अनुबंधों में दर वृद्धि की भरपाई का प्रावधान नहीं होने से ठेकेदारों को अतिरिक्त भुगतान नहीं किया जा सका। प्रभावित कार्यों में भाठागांव चौक से दलदल सिवनी तक सड़क निर्माण, विधानसभा क्षेत्रों की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण, महादेव घाट रोड का चौड़ीकरण और शहर की सड़कों की मरम्मत व बीटी टॉपिंग शामिल हैं। इनकी कुल अनुबंधित राशि करीब 18.17 करोड़ रुपये है।
निगम ने लोक निर्माण विभाग के 31 मई 2026 के आदेश का हवाला देते हुए डामर की वास्तविक खपत और कीमतों में अंतर के आधार पर अतिरिक्त भुगतान की अनुमति मांगी है। पत्र में आगे लिखा कि वायु गुणवत्ता घटक के पूर्ण कार्यों में बची 112.99 लाख रुपये की राशि और इन कार्यों में जीएसटी से हुई 345.87 लाख रुपये की बचत मिलाकर कुल 458.76 लाख रुपये उपलब्ध हैं। निगम इसी राशि से बढ़ी लागत की भरपाई करना चाहता है। उन्होंने इसके लिए अनुमति देने का आग्रह किया है।
उल्लेखनीय है कि निगम के पार्षदों ने भी ठेकेदारों की मांग का समर्थन करते हुए डामर की बढ़ी कीमतों के अनुरूप भुगतान करने का आग्रह किया है।



