छत्तीसगढ़

बीएसपी के निजीकरण की आशंका पर सियासत, अडानी समूह ने दौरे की चर्चा को नकारा

कांग्रेस अफवाह फैला रही-गुप्ता

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 15 अक्टूबर। नगरीय निकाय चुनाव की हलचल के बीच कांग्रेस के बीएसपी के निजीकरण की आशंका को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अडानी समूह बीएसपी का मुआयना करने आने वाला है। हालांकि, अडानी समूह ने इन चर्चाओं को निराधार करार दिया है।

बघेल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उन्हें पता चला है कि अडानी समूह भिलाई इस्पात संयंत्र देखने आने वाला है। उन्होंने इसे बीएसपी के निजीकरण की आशंका से जोड़ते हुए कहा कि बीएसपी छत्तीसगढ़ की आत्मा है और छत्तीसगढ़वासी इसे किसी भी सूरत में बिकने नहीं देंगे। उन्होंने भाजपा नेताओं से भी इस बात को समझने की अपील की।

दूसरी तरफ,अडानी समूह के एक वरिष्ठ अधिकारी ने छत्तीसगढ़ से चर्चा में कहा कि चेयरमैन गौतम अडानी का भिलाई जाने का कोई कार्यक्रम नहीं है। उन्होंने बीएसपी को खरीदने संबंधी चर्चाओं पर हैरानी जताते हुए इन्हें निराधार बताया। भाजपा नेता केदार गुप्ता ने भी पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस सिर्फ अडानी-अडानी चिल्लाती है। बीएसपी जनता का है और जनता का ही रहेगा। उन्होंने इसे लेकर अफवाह फैलाने का आरोप लगाया।

बताया गया कि भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा नगर निगम समेत 15 नगरीय निकायों में चुनाव होने जा रहे हैं। इससे पहले भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने भी बीएसपी के निजीकरण की आशंका जताकर भाजपा को घेरने की कोशिश की थी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button