एपीके डाउनलोड करते ही खाते से उड़ गए 60 हजार
राजनांदगांव: गूगल वीडियो के नाम पर संदिग्ध एपीके फाइल इंस्टाल करना एक पटवारी को भारी पड़ गया। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के चिल्हाटी क्षेत्र में सीमांकन कार्य के दौरान मोबाइल पर एप डाउनलोड करने के बाद उनके बैंक खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए गए। दरअसल, एपीके फाइल डाउनलोड करते ही मोबाईल का कंट्रोल हैकर को मिल गया पुलिस ने 13 अक्टूबर को मामले में एफआइआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, मेरेगांव निवासी कुलदीप ठाकुर (33) चिल्हाटी मुख्यालय में पटवारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने गूगल के माध्यम से टुबी एप डाउनलोड किया था। वीडियो चलाने के लिए एप से अलग से गूगल वीडियो एपीके इंस्टाल करने का संदेश मिला। गूगल के नाम पर भरोसा कर उन्होंने फाइल इंस्टाल कर दी और मोबाइल का एडमिन अधिकार देने की अनुमति भी दे दी। इसके बाद मोबाइल अपने आप सैमसंग यूआइ 8 अपडेट मोड में चला गया। दोपहर करीब 2:25 बजे उन्हें ट्रांजेक्शन की जानकारी हुई। जांच की तो बैंक खाते से 60 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली।
खाता फ्रीज कराया, 1930 पर की शिकायत
पीड़ित का खाता पंजाब नेशनल बैंक की अंबागढ़ चौकी शाखा में है। घटना के बाद उन्होंने बैंक पहुंचकर जानकारी ली और खाते को फ्रीज कराने के लिए आवेदन दिया। इसके बाद साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इसी महीने मोहला-मानपुर-अंबागढ चौकी पुलिस ने इसी तरह के साइबर ठगी के मामले में पश्चिम बंगाल से गिरोह के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
