राहुल गांधी नास्तिक हैं, कांग्रेस भगवान को भी बांट रही है: सुधांशु त्रिवेदी

भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भगवान राम और भगवान शिव को लेकर दिए गए बयान पर तीखा पलटवार किया है। त्रिवेदी ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी नास्तिक हैं और कांग्रेस हिंदू समाज को बांटने के साथ भगवान को भी बांट रही है।
त्रिवेदी ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि रेवंत रेड्डी ने राम को अमीरों का भगवान और शिव को गरीबों का भगवान बताने वाला बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिंदू धर्म को सेमिटिक धर्मों के चश्मे से देख रही है और क्षेत्र, भाषा, जाति तथा लिंग के आधार पर हिंदू समाज को विभाजित करने की कोशिश कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी की शपथ का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 के चुनाव में राहुल गांधी ने ईश्वर के नाम पर शपथ ली थी, लेकिन 2024 में उन्होंने ईश्वर के नाम पर शपथ नहीं ली और अंग्रेजी में प्रतिज्ञान किया। त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग स्थल का नाम शिवशक्ति प्वाइंट रखा, जबकि राहुल गांधी के हर-हर महादेव कहने वाले वीडियो आसानी से नहीं मिलते। उन्होंने राहुल गांधी पर बाहर से शिव भक्त का चोला और अंदर से कुछ और होने का आरोप लगाया।
सुधांशु त्रिवेदी ने रेवंत रेड्डी के पहले के बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने जुबली हिल्स उपचुनाव के संदर्भ में कहा था कि कांग्रेस मतलब मुसलमान और मुसलमान मतलब कांग्रेस। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस का मतलब मुसलमान सम्मान है और इन्हें हिंदू धर्म का पूरा ज्ञान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिंदू समाज को बांटना चाहती है और अब भगवान को भी बांट रही है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के इस बयान के बाद भाजपा ने इसे हिंदू आस्था को ठेस पहुंचाने वाला करार दिया है। त्रिवेदी ने कहा कि रेवंत रेड्डी या तो ज्ञान की कमी के कारण ऐसा कह रहे हैं या उन्हें ऐसा कहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।



