गायिका नेहा सिंह राठौर के समर्थन में आईं सांसद कंगना रनौत ने ये कहा

बीजेपी सांसद और एक्टर कंगना रनौत ने लोकगायिका नेहा सिंह राठौर का एक्स पर समर्थन करते हुए कहा है कि किसी भी महिला को टीआरपी के लिए बिना आधार के बदनाम करना बेहद घटिया है.
बिहार की नेहा सिंह राठौर को उनके राजनीतिक और भोजपुरी लोकगीतों के लिए जाना जाता है. दरअसल उन्होंने एक्स पर बताया कि उनके ख़िलाफ़ एक न्यूज चैनल ने अपमानजनक ख़बर चलाई.
जिसके बाद संबंधित न्यूज़ चैनल के आधिकारिक हैंडल पर खेद व्यक्त करते हुए ख़बर वापस लेने की घोषणा की गई है.
इस मामले में नेहा सिंह राठौर ने बीजेपी की मंडी से सांसद कंगना रनौत को एक्स पर टैग करके पूछा कि क्या ऐसी घटना पर उन्हें कुछ नहीं कहना चाहिए?
नेहा ने लिखा, कंगना जी, हालाँकि आपकी और मेरी विचारधारा में फ़र्क है, लेकिन ये फ़र्क हम दोनों के महिला होने के साझे सच को नहीं बदल सकता.
इस पोस्ट के दो घंटे बाद सांसद कंगना रनौत ने जवाब लिखा है- किसी भी महिला को टीआरपी के लिए बेबुनियाद बदनाम करना बेहद घटिया बात है.
साथ ही उन्होंने संबंधित समाचार चैनल के प्रमुख को इसकी जिम्मेदारी लेने के लिए भी कहा.
हालांकि उन्होंने भी अपने पोस्ट में इस बात का उल्लेख किया कि वे नेहा की राजनीतिक विचारधारा से सहमत नहीं हैं.(bbc.com/hindi)



