सभी एसीपी के कोर्ट हुए ऑनलाइन ई कोर्ट

समस्त एसीपी, अधीनस्थ रीडर स्टाफ के लिए आयोजित किया प्रशिक्षण सत्र
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 14अक्टूबर । पुलिस कमिश्नरेट में संचालित सहायक पुलिस आयुक्त/विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों के कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से E-Court डिजिटल सिस्टम विकसित किया गया है।
प्रथम चरण में इस प्रणाली को कमिश्नरेट के अंतर्गत संचालित सभी संबंधित न्यायालयों में लागू किया जाएगा।
आज पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला एवं एसीपी अमित तुकाराम कांबले की उपस्थिति में समस्त एसीपी एवं उनके अधीनस्थ रीडर स्टाफ के लिए E-Court डिजिटल सिस्टम पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान सिस्टम की प्रमुख विशेषताओं, कार्यप्रणाली तथा न्यायालयीन प्रकरणों के डिजिटल संधारण, पेशी, निराकरण एवं रिपोर्टिंग की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
E-Court सिस्टम के माध्यम से न्यायालयीन प्रकरणों का डिजिटल संधारण, पेशी एवं सुनवाई की तारीखों का प्रबंधन, जमानत संबंधी कार्यवाही, प्रकरणों के निराकरण का रिकॉर्ड तथा लंबित प्रकरणों की निगरानी जैसे कार्य व्यवस्थित रूप से किए जा सकेंगे। इसके साथ ही प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करने, अभिलेखों का बेहतर प्रबंधन करने तथा आवश्यकतानुसार विभिन्न रिपोर्ट तैयार करने में भी सुविधा मिलेगी। इससे संबंधित न्यायालयों में कार्यों के संचालन में एकरूपता लाने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।



