छत्तीसगढ़

अमेरिका का दावा, ब्रिटेन के एयर बेस पर हमले की साज़िश के पीछे ईरान समर्थित संदिग्धों का हाथ

अमेरिका के न्याय विभाग ने ईरान के समर्थन वाले तीन लोगों के ख़िलाफ़ आरोपों का एलान किया है. विभाग का आरोप है कि ये लोग अमेरिका और यूरोप में कई साज़िशों में शामिल थे.

इनमें ब्रिटेन के आरएएफ़ फ़ेयरफ़ोर्ड एयरबेस पर कथित चरमपंथी हमले की साज़िश भी शामिल है. इस एयरबेस पर अमेरिकी सैनिक तैनात थे.

ईरान ने फ़ेयरफ़ोर्ड की घटना में किसी भी तरह की भूमिका से साफ़ इनकार किया है.

अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक़, मंगलवार को सार्वजनिक किए गए आरोपपत्र में ईरानी नागरिक मोहसिन मोहाजेरी, इराक़ी नागरिक मोहम्मद अली अल-हसनी और ईरान-इराक़ की दोहरी नागरिकता वाले मोहम्मद बाक़र साद दाऊद अल-सादी के नाम हैं.

इनमें से एक पर न्यूयॉर्क की जेल से ब्रिटेन में अपने संपर्कों से बातचीत करने का आरोप है. वह पहले से दर्ज आरोपों में मुक़दमे का इंतज़ार कर रहे हैं. बाकी दो पर ईरान से ऐसा करने का आरोप है.

फ़ेयरफ़ोर्ड एयरबेस के पास तीन संदिग्ध वैन दिखने के बाद 27 सितंबर को बड़ा सुरक्षा अलर्ट घोषित किया गया था. वैन से विस्फोटक नहीं मिले थे, लेकिन पेट्रोल बरामद हुआ था. इस मामले में ब्रिटेन में सात लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

अमेरिकी न्याय विभाग का आरोप है कि अल-हसनी ने अगस्त में ब्रिटेन में अपने साथियों को एयरबेस की निगरानी और साज़िश की तैयारी के लिए पैसे दिए थे.

विभाग के मुताबिक़, सितंबर में वैन और ईंधन के ड्रम जुटाए गए. वैन को इस तरह तैयार किया गया कि वे ईंधन पहुंचाने और स्विमिंग पूल का सामान सप्लाई करने वाली लगें.

आरोप है कि 26 सितंबर को अल-हसनी ने तीन वैन एयरबेस की ओर ले जाने के निर्देश दिए और रास्ते में ड्राइवरों के संपर्क में रहा. इनमें से कम से कम दो वैन को सुरक्षा नाके पर आगे जाने से रोक दिया गया.

27 सितंबर की तड़के एक स्थानीय किसान ने संदिग्ध वैन देखकर पुलिस को सूचना दी थी. (bbc.com/hindi)

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button