बी.फार्मेसी समेत तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश का एक और मौका, 30 अक्टूबर अंतिम तिथि

रायपुर, 12 अक्टूबर। प्रदेश में बी.फार्मेसी, डी.फार्मेसी और एम.फार्मेसी समेत तकनीकी पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को एक और अवसर मिलेगा। राज्य शासन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग के अतिरिक्त संस्था स्तर पर प्रवेश की अनुमति दे दी है। इसके लिए 30 अक्टूबर 2026 तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग ने यह निर्णय सर्वोच्च न्यायालय के 15 जुलाई 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में लिया है। इसके तहत बैचलर ऑफ फार्मेसी (बी.फार्मेसी), लेटरल एंट्री, डिप्लोमा फार्मेसी (डी.फार्मेसी) और एम.फार्मेसी पाठ्यक्रमों में संस्था स्तर पर प्रवेश दिए जा सकेंगे।
तकनीकी शिक्षा संचालनालय के प्रस्ताव पर जारी आदेश में संबंधित संस्थानों को निर्धारित नियमों और पात्रता शर्तों के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों को इच्छित संस्थानों और संचालनालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में प्रवेश लेना होगा। 30 अक्टूबर के बाद प्रवेश स्वीकार नहीं किए जाएंगे।



