डॉक्टरों के मानदेय में वृद्धि की मांग, ज्ञापन

रायपुर, 12 अक्टूबर। प्रदेश के डॉक्टर्स फेडरेशन (सीजीडीएफ) और जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जेडीए) ने बॉन्डेड और संविदा जूनियर रेजिडेंट चिकित्सकों के मानदेय में वृद्धि तथा विसंगतियों को दूर करने की मांग की है। इस संबंध में फेडरेशन ने वित्त विभाग को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देने का आग्रह किया है।
फेडरेशन ने एमबीबीएस बॉन्डेड चिकित्सकों का मानदेय 50 हजार से बढ़ाकर 70 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है। वहीं, एमडी-एमएस बॉन्डेड चिकित्सकों के मानदेय में विसंगति दूर करने की मांग की गई है। फेडरेशन के अनुसार, मानदेय में करीब दो हजार रुपये के अंतर से कुल मानदेय में लगभग 95 हजार रुपये तक का अंतर उत्पन्न हो रहा है।
इसके अलावा, मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत संविदा जूनियर रेजिडेंट चिकित्सकों का मानदेय 50 हजार से बढ़ाकर 70 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई है। फेडरेशन का कहना है कि इन चिकित्सकों का मानदेय पिछले करीब 10 वर्षों से नहीं बढ़ा है, जबकि इस दौरान महंगाई और कार्यभार में वृद्धि हुई है। जेडीए अध्यक्ष डॉ. रेशम सिंह ने शासन से चिकित्सकों की मांगों पर प्राथमिकता से विचार कर लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण करने की अपील की है।



