मौसम खराब, सीएम का सूरजपुर दौरा रद्द, वर्चुअली जुड़े
232 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सूरजपुर, 28 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को सूरजपुर जिले को 232 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने 24.29 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 63 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 208.20 करोड़ रुपये की लागत के 54 कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान प्रेमनगर नगर पंचायत के लिए 2.70 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा भी की।
प्रतिकूल मौसम के कारण मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथि कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच सके। कार्यक्रम में विधायक भूलन सिंह मरावी, विधायक शकुंतला पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा रजवाड़े भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली सोनी , सरगुजा आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल जुड़कर मंगल भवन के पास डोम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये, इंडोर स्टेडियम के लिए 50 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 10, 11 एवं 12 से विश्रामगृह तक लगभग दो किलोमीटर बीटी सड़क निर्माण के लिए 1.20 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरगुजा सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाओं को साकार करना सरकार का संकल्प है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
जल संरक्षण में सूरजपुर को मिली उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने जल संचय जनभागीदारी अभियान में सूरजपुर जिले के प्रदेश में प्रथम और देश में चौथा स्थान हासिल करने पर जिला प्रशासन एवं नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज समय की आवश्यकता है। जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित 2,212 कार्यों पर 130.56 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से वर्षा जल संचयन को बढ़ावा मिलने के साथ भूजल स्तर सुधारने और ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
किसानों और महिलाओं के कल्याण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीद रही है। किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्रों को स्वीकृति दी गई है। वहीं, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। लगभग 1,500 पुरानी सिंचाई योजनाओं की मरम्मत एवं जीर्णोद्धार के लिए भी 2,800 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना और तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक में वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं, गरीबों, किसानों और विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बस्तर में शांति एवं विकास, पर्यटन विस्तार और शासकीय सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अंजोर विजन 2047 के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी से सहभागिता की अपील की।
मंत्रियों ने भी गिनाईं विकास की प्राथमिकताएं
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरगुजा संभाग में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने पंचायतों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं से महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।



