धान खरीदी से पहले कलेक्टर लंगेह का सीमावर्ती चेक पोस्टों पर सख्त पहरा, सिंघोड़ा और रेहटीखोल चेक पोस्ट का किया निरीक्षण।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

आगामी धान खरीदी के मद्देनजर छत्तीसगढ़-ओडिशा अंतर्राज्यीय सीमा पर अवैध धान परिवहन रोकने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने ओडिशा सीमा से लगे सरायपाली विकासखंड के सिंघोड़ा और रेहटीखोल सहित सिरपुर क्षेत्र में प्रस्तावित अंतर्राज्यीय चेक पोस्टों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वाहनों की जांच में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने चेक पोस्टों पर वाहनों की आवाजाही, दस्तावेजों के सत्यापन, जांच प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चेक पोस्टों पर वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन किया जाए। जांच से संबंधित सभी अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण भी अनिवार्य रूप से किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी के दौरान अंतर्राज्यीय सीमाओं से होने वाले अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए चेक पोस्टों पर तैनात अधिकारी-कर्मचारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए।
संदिग्ध वाहनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर लंगेह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध परिवहन करते पाए जाने वाले वाहनों को नियमानुसार जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जाए। अंतर्राज्यीय सीमा से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि अवैध गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।उन्होंने चेक पोस्टों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए। इसके लिए खाद्य, सहकारिता, राजस्व सहित संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर जोर
आगामी धान खरीदी को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाना महत्वपूर्ण है। प्रशासन का जोर यह सुनिश्चित करने पर है कि धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी की आशंका को रोका जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध समय पर कार्रवाई हो। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तेजपाल सिंह ध्रुव, तहसीलदार श्रीधर पंडा तथा खाद्य, सहकारिता एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

