भनपुरी अग्निकांड : प्रशासन की तत्परता से टला बड़ा हादसा, उद्योग जगत ने जताया आभार
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 16 नवंबर। भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के दौरान आग पर काबू पाने और बड़े हादसे को टालने में जिला प्रशासन की भूमिका की छत्तीसगढ़ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज ने सराहना की है। फेडरेशन के अध्यक्ष शंकर बजाज ने सोमवार को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह से मुलाकात कर प्रशासनिक टीम के प्रयासों के लिए आभार जताया और उन्हें आभार पत्र सौंपा।
फेडरेशन ने पत्र में कहा कि आगजनी की गंभीर घटना के दौरान कलेक्टर ने स्वयं मौके पर समय देकर तत्परता, संवेदनशीलता और कुशल नेतृत्व के साथ स्थिति को संभाला। जिला प्रशासन, पुलिस, होमगार्ड, नगर निगम और फायर ब्रिगेड के अधिकारी-कर्मचारी पूरी रात मौके पर डटे रहे। सभी टीमों के सामूहिक प्रयासों से आग पर नियंत्रण पाया जा सका और एक बड़ा हादसा टल गया।
फेडरेशन अध्यक्ष शंकर बजाज ने औद्योगिक परिवार की ओर से कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित पूरी प्रशासनिक टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में प्रशासन की सक्रियता और मुस्तैदी उद्योग जगत के लिए भरोसे और सुरक्षा का प्रतीक है।


