छत्तीसगढ़

स्मृति ईरानी के स्वागत में निकलेगी 1000 से अधिक कार्यकर्ताओं की बाइक रैली

कर्मवीर सिंह ने कहा, 2028 के चुनाव की तैयारी बूथ स्तर से शुरू करें

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 21 अक्टूबर। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से बूथ स्तर पर शुरू करनी होगी। इसके लिए जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर हर महीने बैठकें आयोजित की जाएं। संगठन का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। वे बुधवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में रायपुर शहर जिला भाजपा के स्वागत-अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में 25 अक्टूबर को प्रदेश भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के प्रथम छत्तीसगढ़ आगमन पर स्वागत की तैयारियों की रूपरेखा तय की गई। जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि माना एयरपोर्ट पर महिला मोर्चा स्वागत करेगा। इसके बाद एयरपोर्ट से कुशाभाऊ ठाकरे प्रदेश कार्यालय तक एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की बाइक रैली निकाली जाएगी। पूरे मार्ग को भाजपा के झंडों से सजाया जाएगा। कर्मवीर सिंह ने स्वागत के लिए व्यक्तिगत फ्लेक्स और होर्डिंग लगाने के बजाय पूरे शहर को पार्टी के झंडों से सजाने की अपील की।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी का ऐतिहासिक स्वागत करना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। 25 अक्टूबर को स्मृति ईरानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। वहीं, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने बताया कि 31 अक्टूबर को विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक लोकतंत्र और भीड़तंत्र, घुसपैठिए हटाओ-देश बचाओ अभियान तथा प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। इन अभियानों के लिए सोशल मीडिया पर भी व्यापक प्रचार किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button