खड़े ट्रक में घुसी बाइक, 1 मौत, 2 गंभीर

छत्तीसगढ़संवाददाता
बलौदाबाजार, 14 अक्टूबर। रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग पर पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास देर रात तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा घुसी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को रायपुर भेजा गया है। सपलारी थाना पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बाइक पर सवार तीन युवक बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। घोटिया मोड़ के पास अंधेरे में सड़क किनारे खड़ा ट्रक उन्हें दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे ट्रक से टकरा गई।
हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल बलौदाबाजार ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर भेज दिया गया। घायलों में कोरासी निवासी हरक धीवर भी शामिल है।
सूचना मिलते ही पलारी थाना प्रभारी प्रियेश जान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी।



