स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता परखने मैदान में उतरे बीआरसीसी , खोखेपुर-जामपाली में औचक निरीक्षण।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और शैक्षणिक गतिविधियों को व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक एवं संकुल समन्वयक अरुण विशाल ने शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला खोखेपुर तथा शासकीय प्राथमिक शाला जामपाली का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, डेली डायरी का संधारण, पाठ्यक्रम की प्रगति, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था तथा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं में संचालित शिक्षण-अधिगम गतिविधियों का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर भी ध्यान दिया।अधिकारियों ने शिक्षकों को नियमित रूप से पाठ्यक्रम पूर्ण करने, डेली डायरी का व्यवस्थित संधारण करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने शिक्षकों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
