सीएआईटी ने दिल्ली के उप राज्यपाल को पत्र लिखकर प्रदर्शन स्थल को शहर से बाहर तय करने की मांग की

कन्फेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) ने दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को पत्र लिखकर दिल्ली के बाहरी इलाकों में प्रदर्शन के लिए जगह तय करने और उन्हें अधिसूचित करने की मांग की है.
दिल्ली के व्यापारियों की ओर से लिखे गए इस पत्र में कहा गया है कि दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर बार-बार होने वाले विरोध प्रदर्शन, धरने, राजनीतिक सभाओं और मार्च के कारण सामान्य कारोबारी गतिविधियां और आम लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी प्रभावित हो रही है.
पत्र में कहा गया है कि पिछले एक महीने से अधिक समय से दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों और राजनीतिक गतिविधियों के कारण रुक-रुककर लेकिन लगातार व्यवधान पैदा हो रहे हैं.
पत्र में यह भी कहा गया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक व्यवस्था का अहम हिस्सा है और इस अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए. हालांकि, यह भी ज़रूरी है कि इस अधिकार के इस्तेमाल से दूसरे नागरिकों के अधिकारों और उनकी रोज़ी-रोटी पर असर न पड़े.
सीएआईटी ने पत्र में कहा, प्रदर्शन करने का अधिकार शहर को ठप करने का अधिकार नहीं बन सकता, ठीक उसी तरह जैसे लोकतांत्रिक आज़ादी के इस्तेमाल के नाम पर कारोबार करने के अधिकार की अनदेखी नहीं की जा सकती.
कुछ दिनों पहले दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल से हटा दिया था. इसकी जगह सरकार ने रामलीला मौदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी मैदान को प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया था.(bbc.com/hindi)



