दिल्ली में आज भी प्रदर्शन का आह्वान, इतने बजे का जंतर-मंतर कूच का एलान

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहने की संभावना है.
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने रविवार को भी प्रोटेस्ट का कॉल दिया है.
नेहा बोरा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि शनिवार को दिल्ली हाट जंतर-मंतर बना था और रविवार को किसी दूसरी जगह प्रदर्शन करेंगे.
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ये आप तय करें कि आम लोगों को जेल में डालेंगे या ज्ञानेश कुमार को. हम रविवार को भी निकलेंगे, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े और एसआईआर को रद्द करने की मांग के साथ प्रदर्शन करेंगे.
दूसरी ओर, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता अजिंक्य शिंदे ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर रविवार को होने वाले प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी है.
उन्होंने कहा, जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफ़ा नहीं लेंगे, तब तक घर वापस नहीं जाएंगे.
अजिंक्य ने कहा कि वह कल फिर सुबह 10 बजे जंतर-मंतर कूच करेंगे. साथ ही उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की.(bbc.com/hindi)



