ट्रंप की चुनावी रैली में शामिल हुए कार कंपनी आउडी के सीईओ, जर्मन ट्रेड यूनियन ने बताया ‘शर्मनाक’

-शिवांगी सक्सेना
जर्मनी के प्रमुख ट्रेड यूनियन आईजी मेटाल की प्रमुख क्रिस्टियाने बेनर ने कार निर्माता कंपनी आउडी के सीईओ गेर्नोट डॉलनर की अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के साथ चुनावी रैली में शामिल होने को लेकर कड़ी आलोचना की है. बेनर ने सोमवार को कहा कि डॉलनर का इस रैली में शामिल होना बेहद शर्मनाक, राजनीतिक रूप से अस्वीकार्य और कंपनी की गरिमा के अनुरूप नहीं था.
दरअसल, डॉलनर शनिवार, 24 अक्टूबर को अमेरिका के जॉर्जिया में रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी रैली में शामिल हुए थे. यह कार्यक्रम अमेरिकी मध्यावधि चुनावों से कुछ दिन पहले आयोजित किया गया था. इस दौरान राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने घोषणा कर बताया कि आउडी जॉर्जिया में अपना पहला अमेरिकी कारखाना स्थापित करने के लिए 4.2 अरब डॉलर का निवेश करेगी.
आउडी, जर्मन वाहन निर्माता समूह फोल्क्सवागन की एक इकाई है. कंपनी के मुताबिक, जॉर्जिया में प्रस्तावित इस परियोजना से करीब 4,500 नौकरियां पैदा होंगी. ट्रंप के अनुसार, मैकॉन में बनने वाले इस कारखाने में हर साल 2 लाख वाहन तैयार किए जा सकेंगे.
हालांकि, क्रिस्टियाने बेनर ने जोर देकर कहा कि जॉर्जिया में निवेश की योजना को अभी तक फोल्क्सवागन समूह के सभी संबंधित निकायों की मंजूरी नहीं मिली है. इस पर अंतिम फैसला फोल्क्सवागन का पर्यवेक्षी बोर्ड उचित और महत्वपूर्ण रूप से लेगा.(dw.com/hi)

