करीब एक साल बाद वेनेजुएला लौटीं नोबेल विजेता मचाडो, रूबियो ने अमेरिका को दिया श्रेय

-शिवांगी सक्सेना
वेनेजुएला की विपक्षी नेता और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मारिया कोरीना मचाडो ने करीब एक साल तक निर्वासन में रहने के बाद रविवार को अचानक अपने देश में वापसी की. उनकी वापसी पर हजारों समर्थकों ने जश्न मनाया. मचाडो दिसंबर 2025 में नोबेल शांति पुरस्कार लेने के लिए गुप्त रूप से वेनेजुएला छोड़कर विदेश चली गई थीं. इसके कुछ ही सप्ताह बाद अमेरिकी सेना ने देश के लंबे समय से नेता रहे निकोलस मादुरो को हिरासत में ले लिया और आपराधिक आरोपों का सामना करवाने के लिए उन्हें न्यूयॉर्क ले गई.
मचाडो ने इसके लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रशंसा की थी. हालांकि, वॉशिंगटन ने मादुरो की उपराष्ट्रपति रहीं डेल्सी रोद्रिगेज को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में सत्ता संभालने की अनुमति दी.
मचाडो की देश वापसी के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि अमेरिका के समर्थन से हुई बातचीत के चलते ही उनकी सुरक्षित वापसी का रास्ता साफ हो सका. रुबियो ने सोशल मीडिया पर कहा, मचाडो की वेनेजुएला में सुरक्षित वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां अमेरिका के समर्थन से हुई सुलह वार्ता का सीधा परिणाम हैं. इन वार्ताओं के जरिए पहले ही सैकड़ों राजनीतिक कैदियों को रिहा किया जा चुका है और विपक्ष के सैकड़ों राजनीतिक नेता निर्वासन से स्वदेश लौट चुके हैं.(dw.com/hi)

