छत्तीसगढ़

सीजी पीएससी: संशोधित चयन और अनुपूरक सूची की वैधता अब 3 माह

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 14 नवंबर । छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने भर्ती परीक्षाओं के अंतर्गत जारी होने वाली संशोधित चयन सूची और अनुपूरक सूची की वैधता से संबंधित नियमों में बदलाव किया है। नए प्रावधानों के अनुसार, अब संशोधित चयन सूची और अनुपूरक सूची की वैधता अधिकतम तीन महीने तक ही रहेगी। निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद किसी भी सूची की वैधता नहीं बढ़ाई जा सकेगी। आयोग के नए नियमों के अनुसार, किसी पद के लिए संशोधित चयन सूची अथवा अनुपूरक सूची जारी किए जाने की स्थिति में वह सूची जारी होने की तारीख से अधिकतम तीन महीने तक प्रभावी रहेगी। हालांकि, इस अवधि के दौरान यदि संबंधित पद के लिए कोई नई चयन सूची जारी कर दी जाती है, तो पहले जारी संशोधित अथवा अनुपूरक सूची की वैधता उसी दिन समाप्त हो जाएगी। ऐसे में तीन महीने की निर्धारित अवधि और नई चयन सूची जारी होने की तारीख में से जो भी पहले आएगी, उसी के आधार पर संबंधित सूची की प्रभावशीलता समाप्त मानी जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि संशोधित चयन सूची और अनुपूरक सूची की वैधता समाप्त होने के बाद उसकी समयसीमा बढ़ाने का कोई प्रावधान नहीं रहेगा। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद किसी भी परिस्थिति में संबंधित सूची की प्रभावशीलता को आगे नहीं बढ़ाया जा सकेगा। इस व्यवस्था के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब को रोकने की दिशा में कदम उठाया गया है। सीजीपीएससी के नए प्रावधानों में अदालती आदेशों के अनुपालन में जारी होने वाली संशोधित चयन सूचियों को भी शामिल किया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी न्यायालय के आदेश के पालन में पूर्व में जारी चयन सूची में संशोधन किया जाता है, तो उस संशोधित सूची पर भी वैधता से संबंधित यही नियम लागू होंगे। इसके अलावा यदि पहले जारी चयन सूची के स्थान पर कोई संशोधित चयन सूची जारी की जाती है और उसमें कोई पद रिक्त नहीं छोड़ा जाता है, तब भी उसकी वैधता अधिकतम तीन महीने तक ही रहेगी। ऐसी स्थिति में भी संशोधित अथवा अनुपूरक सूची को निर्धारित समयसीमा से अधिक प्रभावी रखने की अनुमति नहीं होगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button