फूड पार्क में दोपहर आग, आधा दर्जन दुकानें ख़ाक
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 15 नवंबर । न्यू राजेंद्र नगर स्थित फूड पार्क में दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के बीच फूड पार्क में मौजूद दो सिलेंडरों में विस्फोट हो गया। सिलेंडर ब्लास्ट होने के कारण आगजनी की घटना ने और भी विकराल रूप ले लिया। इस भीषण आग की चपेट में आने से करीब छह दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका फूड पार्क में आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। आग लगने के बाद आसपास की दुकानों तक लपटें पहुंच गईं, जिसके चलते कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। फूड पार्क में हुई इस आगजनी के दौरान दो सिलेंडरों में ब्लास्ट होने की जानकारी भी सामने आई है। सिलेंडरों में विस्फोट होने से आग पर नियंत्रण पाने की चुनौती और बढ़ गई है। फिलहाल दमकल कर्मी आग को बुझाने के साथ ही उसे आसपास के अन्य क्षेत्रों में फैलने से रोकने के प्रयास में जुटे हुए हैं।


