छत्तीसगढ़

CG Weather Today: चक्रवाती तूफान मुरासु का छत्तीसगढ़ में असर, रायपुर-बस्तर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट, आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर,04 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान मुरासु के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। मंगलवार को रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, जबकि शाम होते ही तेज बारिश शुरू हो गई। वहीं बस्तर संभाग के कई इलाकों में भी दिनभर रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। बारिश के कारण तापमान में गिरावट के साथ लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। हालांकि, त्योहारी सीजन में बारिश ने बाजारों की रौनक और खरीदारी को प्रभावित किया। शहर के कुछ इलाकों में सड़कों पर पानी भरने से आवागमन में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार 4 नवंबर को भी चक्रवाती तूफान मुरासु का प्रभाव छत्तीसगढ़ के मौसम पर देखने को मिल सकता है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में मौसम का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर सक्रिय प्रचण्ड चक्रवाती तूफान मुरासु के उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। 3 नवंबर की दोपहर तक इसके कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदलने तथा मध्यरात्रि तक गहन अवदाब में तब्दील होने का अनुमान जताया गया था। तूफान की तीव्रता कम होने के बावजूद इससे जुड़ी मौसमी गतिविधियों का असर छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में बना रह सकता है।

मौसम विभाग के पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजधानी रायपुर में बुधवार को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बादलों की मौजूदगी के बावजूद तापमान में विशेष गिरावट के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग ने बुधवार सुबह सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद और राजनांदगांव जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने और आकाशीय बिजली चमकने के समय खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button