मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना 2026-27: कोरबा के वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा स्वर्ण मंदिर, वैष्णो देवी और बोधगया जाने का मौका, 3 नवंबर तक करें आवेदन
कोरबा, 27 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना 2026-27 के तहत कोरबा जिले के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। योजना के अंतर्गत अमृतसर के स्वर्ण मंदिर, वैष्णो देवी मंदिर, वाघा बॉर्डर, बोधगया, सारनाथ और नालंदा की यात्रा कराई जाएगी। इसके लिए पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 3 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत पहली यात्रा 10 से 15 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित है। इस दौरान श्रद्धालुओं को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर, वैष्णो देवी मंदिर और वाघा बॉर्डर का भ्रमण कराया जाएगा। वहीं दूसरी यात्रा 27 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें बोधगया, सारनाथ और नालंदा जैसे प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
योजना के अंतर्गत कोरबा जिले को 25 यात्रियों का लक्ष्य दिया गया है। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 75 प्रतिशत और नगरीय क्षेत्रों के लिए 25 प्रतिशत सीटें निर्धारित की गई हैं। जिले के 19 श्रद्धालु जनपद पंचायत क्षेत्रों से और 6 श्रद्धालु नगरीय निकाय क्षेत्र से चयनित किए जाएंगे। प्रत्येक यात्रा में श्रद्धालुओं के साथ दो अनुरक्षक भी रहेंगे।
निर्धारित लक्ष्य के अनुसार जनपद पंचायत करतला, कोरबा और कटघोरा से 3-3 श्रद्धालुओं को अवसर मिलेगा। वहीं पाली और पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत से 4-4 श्रद्धालु शामिल होंगे। नगर निगम कोरबा क्षेत्र से 6 श्रद्धालुओं का चयन किया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र व्यक्तियों को निर्धारित आवेदन पत्र हिंदी में भरकर संबंधित जनपद पंचायत या नगर निगम में जमा करना होगा। आवेदन के साथ दो नवीन पासपोर्ट साइज फोटो, शासकीय चिकित्सक द्वारा जारी स्वास्थ्य परीक्षण प्रमाण पत्र और पहचान संबंधी दस्तावेज की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य है।
पहचान प्रमाण के रूप में आधार कार्ड, राशन कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र अथवा ड्राइविंग लाइसेंस में से किसी एक दस्तावेज की छायाप्रति जमा की जा सकती है।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संकलित करें। सभी आवेदन 3 नवंबर 2026 तक कार्यालय उप संचालक, समाज कल्याण, जिला कोरबा में अनिवार्य रूप से जमा कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का मुख्य उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी धार्मिक आस्था और श्रद्धा के अनुरूप तीर्थ यात्रा कर सकें।
