छठ महापर्व को लेकर देव सरोवर छठ तालाब की सफाई शुरू, 250 मूर्तियां और 20 ट्रैक्टर मलबा निकाला गया
कोरबा, 13 नवंबर 2026। कोरबा जिले के प्रगतिनगर स्थित देव सरोवर छठ तालाब में छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। छठ पूजा समिति और दीपका प्रबंधन की ओर से तालाब की व्यापक साफ-सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही तालाब के आसपास रंग-रोगन, पेंटिंग और आकर्षक साज-सज्जा की तैयारी भी की जा रही है, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
देव सरोवर छठ तालाब में गेवरा-दीपका सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में प्रतिमाओं का विसर्जन करते हैं। इसके कारण तालाब में काफी मात्रा में गंदगी और विसर्जित प्रतिमाएं जमा हो गई थीं। पानी भी प्रदूषित हो गया था। छठ महापर्व को देखते हुए समिति ने समय रहते तालाब की सफाई कराने का निर्णय लिया है। सफाई अभियान के तहत तालाब से अब तक करीब 200 से 250 विसर्जित मूर्तियां निकाली जा चुकी हैं। इसके अलावा लगभग 15 से 20 ट्रैक्टर गंदा मलबा भी बाहर निकाला गया है।
तालाब की सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में छठ पूजा समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार, सचिव अनिल प्रसाद, डीएन सिंह, रितेश मिंज, राणा यादव, विजय कुमार, निरंजन सिंह और मुरली सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
सफाई कार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे ठेकेदार संजय सिंह ने बताया कि तालाब से बड़ी मात्रा में विसर्जित मूर्तियां और गंदगी निकाली गई है। सफाई के लिए आवश्यक संसाधनों और सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। सफाई कार्य पूरा होने के बाद तालाब के चारों ओर रंग-रोगन, पेंटिंग और आकर्षक सजावट कराई जाएगी।
समिति अध्यक्ष नरेंद्र कुमार और सचिव अनिल प्रसाद ने बताया कि छठ महापर्व से पहले तालाब की सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा करा लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रगतिनगर स्थित देव सरोवर में छठ पूजा के दौरान पूर्वांचल समाज के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। ऐसे में समिति का प्रयास है कि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को सूर्य उपासना एवं अर्घ्य अर्पित करने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


