वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने NTPC लारा में 21वीं राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का किया शुभारंभ

61 टीमों के 36 पुरुष एवं 25 महिला दल ले रहे हिस्सा, NTPC लारा की CSR गतिविधियों की सराहना; महलोई में करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा मॉडल स्कूल
लारा (रायगढ़), 13 नवंबर 2026। NTPC लारा के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 21वीं सीनियर छत्तीसगढ़ राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग)-2026 का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से कुल 61 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 36 पुरुष और 25 महिला टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने और चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने NTPC लारा द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की पहल सराहनीय है।

कार्यक्रम में NTPC लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने अतिथियों एवं प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि NTPC विद्युत उत्पादन के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी प्रतिबद्ध है। कंपनी CSR गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र के सामाजिक एवं समग्र विकास में योगदान दे रही है। शिक्षा और खेल के क्षेत्र में स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना इसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि NTPC लारा द्वारा लगभग 6 करोड़ रुपये की CSR सहायता से महलोई स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा ग्रामीण विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग तथा विभिन्न विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर प्रदान करना है।
खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए NTPC लारा आसपास के गांवों में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कराने के साथ अंडर-15 एवं अंडर-17 राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी कर चुका है। ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच मिलने का सकारात्मक परिणाम भी सामने आया है। महलोई की तीन बेटियों ने लैक्रोस खेल में मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
सुभाष ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की है। NTPC लारा इसी सोच के साथ स्थानीय युवाओं को शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। 21वीं राज्य अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

