जामिया में छात्रसंघ की बहाली की मांग को लेकर हंगामा, स्टूडेंट्स ज़बरदस्ती अंदर घुसे

दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में शनिवार को जबरदस्त हंगामा और विरोध प्रदर्शन देखने को मिला.
मौके पर मौजूद बीबीसी के सहयोगी पत्रकार अल्ताफ़ के मुताबिक़, स्टूडेंट्स ज़बरदस्ती गेट खोलकर कैंपस में दाखिल हो गए. यूनिवर्सिटी के गार्ड्स ने स्टूडेंट्स को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे उन्हें नहीं रोक सके.
वहीं, दिल्ली पुलिस ने कैंपस के बाहर से कई छात्रों को हिरासत में भी लिया है.
दरअसल, यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ की बहाली की मांग को लेकर पांच स्टूडेंट्स बीते पांच दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे. आज छठा दिन था.
सीपीआई-एमएल के मुताबिक, शनिवार सुबह इन स्टूडेंट्स को जबरन कैंपस से बाहर निकाल दिया गया था. चीफ़ प्रॉक्टर के निर्देश पर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने यह कार्रवाई की.
पार्टी के आधिकारिक हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया गया है, जिसमें दिख रहा है कि स्टूडेंट्स को वहां से हटाया जा रहा है.
प्रदर्शकारी को हिरासत में लेती पुलिस
कांग्रेस के स्टूडेंट विंग नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने भी इस कार्रवाई की आलोचना की है.
दिन बीतने के साथ कैंपस में माहौल गर्माने लगा और यूनिवर्सिटी के एक गेट के पास भारी संख्या में प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स इकट्ठा हो गए.
उन्होंने यूनिवर्सिटी के गेट के पास जोरदार तरीके से विरोध जताया और गेट खोलकर अंदर प्रवेश कर लिया.
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बीबीसी को बताया, दिल्ली हाई कोर्ट ने साल 2022 में भी पाया था कि स्टूडेंट यूनियन प्रोडक्टिव नहीं है. साथ ही, हाई कोर्ट ने यूनिवर्सिटी को चुनाव कराने का कोई निर्देश नहीं दिया था.
प्रोफ़ेसर सईद ने प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स पर आरोप लगाया कि इन स्टूडेंट्स की क्लास में अटेंडेंस कम है और ये बाकी स्टूडेंट्स को भ्रमित कर रहे थे.(bbc.com/hindi)


