महादेव सट्टा एप के दो मुख्य प्रमोटरों पर कार्रवाई से कांग्रेस का सिंडिकेट बेनकाब : भाजपा

भाजपा प्रवक्ता सुनील चौधरी ने भूपेश बघेल पर साधा निशाना, लुकआउट नोटिस पर उठाए जा रहे सवालों को बताया भटकाने की कोशिश
रायपुर, 5 नवंबर।महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के प्रत्यर्पण और सह-प्रमोटर रवि उप्पल की दुबई में गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुनील चौधरी ने कहा कि तीन दिन के भीतर दो प्रमुख प्रमोटरों पर कार्रवाई से महादेव सट्टा सिंडिकेट का नेटवर्क बेनकाब हो रहा है।
चौधरी ने कहा कि महादेव सट्टा एप मामले की एफआईआर में भूपेश बघेल का नाम छठे नंबर पर आरोपी के रूप में दर्ज है। ऐसे में उनका जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने बघेल की ओर से लुकआउट नोटिस को लेकर उठाए गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब उनकी सरकार थी, तब मुख्य आरोपी विदेश भागने में सफल रहे। अब जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाकर कांग्रेस जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ सट्टेबाजों और हवाला कारोबारियों का सुरक्षित ठिकाना बन गया था। उन्होंने कहा कि सीबीआई और ईडी की कार्रवाई से विदेश में बैठे सट्टा सिंडिकेट के संचालक कानून के शिकंजे में आ रहे हैं। भाजपा सरकार निष्पक्ष जांच और कानून का राज सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। महादेव एप मामले में जो भी दोषी होगा, उसे कानून के सामने जवाब देना होगा।

