बाराडेरा धाम के विकास को मिली गति, 50 लाख रुपये से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन
रामकुमार गुप्ता आरंग। सतनामी समाज की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना के प्रमुख केंद्र बाराडेरा धाम में विकास कार्यों को नई गति मिली है। मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब की पहल पर शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को धाम स्थित अमृत सरोवर तालाब में पचरी निर्माण तथा सीसी रोड निर्माण सहित 50 लाख रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों के पूरा होने से धाम में आने वाले श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा एवं परम पूज्य गुरु अमरदास बाबा का स्मरण करते हुए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन निर्माण कार्यों का उद्देश्य धार्मिक स्थल पर बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ही अमृत सरोवर के आसपास की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है। पचरी निर्माण से श्रद्धालुओं को तालाब के उपयोग में सुविधा मिलेगी, वहीं सीसी रोड बनने से आवागमन सुगम होगा।
धार्मिक स्थलों का संरक्षण और विकास हमारी प्राथमिकता : गुरु खुशवंत साहेब
इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि बाराडेरा धाम सतनामी समाज की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थलों का संरक्षण, संवर्धन और विकास हमारी प्राथमिकता है। यहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अमृत सरोवर तालाब में पचरी तथा सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी परंपराओं, सामाजिक विरासत और आस्था को सहेजने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। बाराडेरा धाम में जनसुविधाओं का विस्तार होने से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी और धाम की गरिमा और अधिक सुदृढ़ होगी।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में विकास कार्यों को मिल रही गति
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में आरंग विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनसेवा, सामाजिक समरसता, आस्था के सम्मान और सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ आरंग विधानसभा क्षेत्र को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाना हमारा लक्ष्य है। बाराडेरा धाम में पचरी एवं सीसी रोड निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों एवं सतनामी समाज के पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
भूमिपूजन कार्यक्रम में धरसीवां विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा सतनामी समाज एवं सतनाम सेना के पदाधिकारी, गुरु अमरदास सतसंघ समिति के पदाधिकारी और सदस्यगण सहित अन्य गणमान्यजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
बाराडेरा धाम में विकास कार्यों के भूमिपूजन को धार्मिक स्थल पर सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं को अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है।
