गणेश विसर्जन शोभायात्रा में पुलिस से विवाद, चार आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

रायपुर, 5 अक्टूबर: राजधानी रायपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, समझाइश के दौरान कुछ युवकों ने विवाद करते हुए डीजे बंद कराने का विरोध किया और पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि बार-बार समझाने के बावजूद आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, धमकी दी तथा धक्का-मुक्की और झूमाझटकी करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। घटना के बाद थाना सिविल लाइन में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान प्रार्थी और गवाहों से विस्तृत पूछताछ की गई। जांच में विजय तांडी, विशाल तांडी, दीपक तांडी और भीम महानंद की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायिक प्रक्रिया के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- विजय तांडी (27 वर्ष)
- विशाल तांडी (29 वर्ष)
- दीपक तांडी (36 वर्ष)
- भीम महानंद (32 वर्ष)
चारों आरोपी जगन्नाथ नगर, सिविल लाइन क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था संबंधी ड्यूटी में बाधा उत्पन्न करने, पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
