रायपुर के वीआईपी सिटी सड्डू में एएसआई के सूने मकान में चोरी, जेवर और नकदी समेत 5.85 लाख रुपये का सामान पार

रायपुर, 5 अक्टूबर: राजधानी रायपुर के वीआईपी सिटी सड्डू इलाके में चोरों ने रक्षित केंद्र में पदस्थ एक एएसआई के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 5.85 लाख रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। मामले में पुरानी विधानसभा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वीआईपी सिटी सड्डू सेक्टर-6 निवासी नागेंद्र सिंह 30 सितंबर की सुबह अपनी पत्नी सुमित्रा देवी और बेटों राहुल सिंह तथा बलदेव सिंह के साथ बेटी सरिता सिंह से मिलने पटना (बिहार) गए हुए थे। इस दौरान उनका मकान बंद था।
चार अक्टूबर की सुबह नागेंद्र सिंह ने मोबाइल फोन के जरिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का लाइव फुटेज देखा। फुटेज में कैमरे की दिशा मकान की ओर होने के बजाय आसमान की तरफ दिखाई दी। इससे उन्हें संदेह हुआ कि किसी ने कैमरे के साथ छेड़छाड़ की है। उन्होंने तत्काल पड़ोसी अभिनय पांडेय और ओमकार राठौर को फोन कर घर जाकर स्थिति देखने को कहा।
पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर नागेंद्र सिंह को बताया कि घर का अंदरूनी दरवाजा खुला हुआ है और ताले टूटे पड़े हैं। सूचना मिलने के बाद नागेंद्र सिंह परिवार सहित रायपुर लौटे और घर पहुंचकर जांच की।
मकान में प्रवेश करने पर बेडरूम तथा ऊपरी मंजिल के कमरे में रखी आलमारियों के ताले टूटे मिले। चोरों ने दोनों आलमारियों को खंगालकर उसमें रखे सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे।
चोरी गए सामान में चांदी की दो जोड़ी पायल, पुश्तैनी सोने की चेन, लक्ष्मी हार, एक जोड़ी कान के टॉप्स, एक जोड़ी झुमका, सोने का मांगटीका और एक सोने का बिस्किट शामिल है। पीड़ित परिवार के अनुसार इन जेवरात की कीमत करीब पांच लाख रुपये है।
इसके अलावा चोर आलमारी में रखे 75 हजार रुपये नकद और गुल्लक में रखी करीब 10 हजार रुपये की राशि भी अपने साथ ले गए। कुल चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 5.85 लाख रुपये आंकी गई है।
पुरानी विधानसभा थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
