छत्तीसगढ़

सीआरपीएफ कैंप में दीपावली मिलन

पीएम ने जवानों को अपने हाथों से खिलाई मिठाई

छत्तीसगढ़ संवाददाता
जगदलपुर, 8 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दीपावली मनाने जगदलपुर के करनपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचे। यहां उन्होंने कोबरा बटालियन के जवानों के साथ दीपावली मनाई। प्रधानमंत्री ने जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और नक्सलवाद के खात्मे में उनके योगदान की सराहना की। इस मौके पर उन्होंने जवानों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर दीपावली की बधाई दी। महिला जवानों को भी उन्होंने मिठाई खिलाई। उत्साहित जवानों ने इस दौरान फिल्म बार्डर का गीत गाया और तालियां बजाकर खुशी जाहिर की। डीआरजी की दो बटालियनों के जवानों को भी इस अवसर पर कैंप में बुलाया गया था।
प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे जगदलपुर पहुंचे और वहां से सीधे करनपुर कैंप रवाना हुए। सीआरपीएफ के डीजी जीपी सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। करनपुर बस्तर में नगरनार मार्ग पर स्थित सीआरपीएफ का महत्वपूर्ण सुरक्षा केंद्र है। यहां सीआरपीएफ की दो विशिष्ट कोबरा बटालियन तैनात हैं। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय पुलिस और प्रशासन को व्यवस्थाओं से अलग रखा गया था। प्रधानमंत्री हर बार सुरक्षा बलों के जवानों के बीच त्योहार मनाते रहे हैं। रविवार को उन्होंने स्वयं एक्स पर पोस्ट कर बस्तर में जवानों के साथ दीपावली मनाने की जानकारी दी थी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button