रेलवे आरपीएफ बैंड प्रतियोगिता में पूर्व रेलवे और आरपीएसएफ का दबदबा

तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 12 जोनल रेलवे और विभिन्न इकाइयों के 201 जवानों ने लिया हिस्सा
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 5 नवंबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की मेजबानी में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बैंड प्रतियोगिता का बुधवार शाम समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 12 जोनल रेलवे, जगजीवन राम आरपीएफ अकादमी लखनऊ और विभिन्न आरपीएफ इकाइयों के 201 जवानों ने हिस्सा लिया।
बिलासपुर के रेलवे एनई इंस्टीट्यूट मैदान में 2 से 4 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन 3 नवंबर को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के आईजी-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुनव्वर खुर्शीद ने किया था।
समापन समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विभिन्न टीमों ने मार्च पास्ट और बैंड प्रस्तुतियों के जरिए संगीत कौशल, अनुशासन और सामूहिक तालमेल का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में सशस्त्र बलों के अनुभवी अधिकारियों को शामिल किया गया था।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे: बैंड प्रतियोगिता में प्रथम पूर्व रेलवे, कोलकाता; द्वितीय रेलवे सुरक्षा विशेष बल, नई दिल्ली; तृतीय दक्षिण मध्य रेलवे, सिकंदराबाद।
बिगुल प्रतियोगिता में प्रथम पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर; द्वितीय जगजीवन राम आरपीएफ अकादमी, लखनऊ; तृतीय पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर।
पाइप बैंड में विजेता रेलवे सुरक्षा विशेष बल, नई दिल्ली।
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में आरपीएफ जवानों की संगीत प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन हुआ।



