ताजा खबर

एमएमएसी में क्रिकेट संघ का गठन दिसंबर में होगी ड्यूज बाल क्रिकेट स्पर्धा

राजनांदगांव: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला क्रिकेट संघ का गठन किया गया है। सर्वसम्मति से जिला भाजपाध्यक्ष दिलीप वर्मा को अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी को सचिव चुना गया है। नई कार्यकारिणी ने जिले में क्रिकेट गतिविधियों का विस्तार करने, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और खेल मैदान के सुधार को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। संघ के गठन के लिए लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में क्रिकेट खिलाड़ियों, खेल संस्थाओं और समितियों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। करीब एक घंटे चली बैठक में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया।

उपाध्यक्ष धनंजय पांडे और राजू टांडिया, कोषाध्यक्ष सैयद अजहरुद्दीन, सहसचिव दिलीप कुंभकार तथा संयुक्त सचिव आशीष द्विवेदी चुने गए। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में श्यामलाल साहू, जयंत साहू, विमल यादव, विकास मानिकपुरी, प्रज्ञारत्न गोडबोले, देवनारायण कुंभकार और वैभव रंगारे को शामिल किया गया। कन्हैया सिंह ठाकुर और अजय पांडेय को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई।

दिसंबर में होगी ड्यूज बाल क्रिकेट स्पर्धा

बैठक में अंबागढ़ चौकी में पिछले तीन दशक से आयोजित हो रही ड्यूज बाल क्रिकेट स्पर्धा को इस वर्ष जिला क्रिकेट संघ के बैनर तले कराने का निर्णय लिया गया। प्रतियोगिता दिसंबर में शीतकालीन अवकाश के दौरान होगी। इसमें पड़ोसी राज्यों की टीमों को भी आमंत्रित करने की तैयारी है। इसके लिए मैदान की तैयारी, पुरस्कार और आयोजन पर होने वाले व्यय को लेकर चर्चा की गई।

छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ से संबद्धता पर जोर

जिले के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ से संबद्धता प्राप्त करने के उद्देश्य से सभी विकासखंड मुख्यालयों में नियमित क्रिकेट प्रतियोगिताएं कराने पर जोर दिया गया। अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अवसर देने के साथ उनके लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। जिले में होने वाले क्रिकेट आयोजनों में छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ और जिला क्रिकेट संघ राजनांदगांव के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा।

खेल मैदान के सुधार के लिए मांगा जाएगा अनुदान

अंबागढ़ चौकी के एकमात्र खेल मैदान को क्रिकेट सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं के अनुकूल बनाने की जरूरत पर भी चर्चा हुई। मैदान की मरम्मत, रखरखाव और क्रिकेट के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के लिए शासन से अनुदान मांगा जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के भारसाधक मंत्री तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से सहयोग लेने का निर्णय लिया गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button