ईडी-ईओडब्ल्यू की 6 शहरों में दबिश, ढेबर के घर भी

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 30 अक्टूबर। कांग्रेस शासनकाल में हुए कोल लेवी, शराब और अन्य घोटालों को लेकर ईडी और ईओडब्ल्यू की टीमों ने शुक्रवार सुबह प्रदेश के छह शहरों में डेढ़ दर्जन से अधिक कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। राजधानी रायपुर सहित गरियाबंद, बिलासपुर, दुर्ग, धमतरी और भिलाई में टीमें जांच कर रही हैं। रायपुर में अनवर ढेबर के घर पर एक बार फिर छापेमारी की कार्रवाई चल रही है। वहीं ईओडब्ल्यू-एसीबी की टीमें कोल लेवी और शराब घोटाले से जुड़े मामलों में जांच कर रही हैं।
पिछले चार-पांच घंटे से रायपुर के वीआईपी एस्टेट स्थित सुदर्शन हाउस में सुदर्शन शर्मा के घर पर जांच जारी है। शर्मा रियल एस्टेट कारोबारी हैं और शराब घोटाले से जुड़े मामले में जांच के दायरे में हैं। वहीं अवंति विहार में प्रॉपर्टी डीलर विनोद धनेचा के घर ईओडब्ल्यू की टीम पहुंची है। विनोद को अनवर ढेबर का निवेशक बताया जा रहा है।
नवापारा-राजिम में शांतिविजय ज्वेलर्स और नवकार ज्वेलर्स के संचालक विमल पारख एवं राजा पारख के ठिकानों पर भी जांच चल रही है। इनका कपड़ों का कारोबार भी है। उधर, राजनांदगांव में जय बग्गा और वैभव गोलछा के ठिकानों पर टीमें पहुंची हैं। वैभव रेत खनन कारोबारी हैं, जबकि जय बग्गा का ई-व्हीकल, ट्रैक्टर और होटल का कारोबार है। भिलाई-3 में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के ठिकानों पर भी ईओडब्ल्यू की टीम जांच कर रही है। इसके अलावा कोरबा में कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राजा जायसवाल के यहां भी ईओडब्ल्यू-एसीबी ने छापेमारी की है।
लखमा के करीबी दो कारोबारियों के यहां छापा
राजनांदगांव के दो व्यापारी के घर शुक्रवार सुबह राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) की आधा दर्जन टीमों ने छापा मारा। रिहायशी कालोनी सनसिटी में जहां वैभव गोलछा नामक कारोबारी के घर ईओडब्ल्यू के अफसरों ने दबिश दी। वहीं लालबाग में जय बग्गा के घर भी अफसरों ने सीधे छापा मारा।
बताया जा रहा है कि ईओडब्ल्यू के अफसरों ने राज्य में हुए आबकारी विभाग में घोटाले की कडिय़ां ढूंढने के लिए दोनों व्यापारियों के घर दबिश दी है। दोनों व्यापारी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में आबकारी मंत्री रहे कवासी लखमा के बेहद करीबी रहे हैं। आबकारी विभाग में कांग्रेस सरकार में ओवर रेड में शराब बेचने के अलावा अन्य धांधली की जांच को लेकर ईओडब्ल्यू लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी कड़ी में वैभव गोलछा और जय बग्गा के घर भी ईओडब्ल्यू की टीम ने छापा मारकर घंटों दस्तावेज खंगाले हैं। बताया जा रहा है कि जय बग्गा स्थानीय रैलिस होटल के मालिक भी हैं। पूर्व मंत्री लखमा का कांग्रेस सरकार में बतौर आबकारी मंत्री बग्गा के होटल में आना-जाना रहा है। वहीं वैभव गोलछा का भी लखमा से सीधा संबंध रहा है। इस बीच आज सुबह ईओडब्ल्यू के अफसरों की टीम ने सनसिटी और लालबाग में पहुंचकर वैभव गोलछा और जय बग्गा के घर में दबिश देकर आवश्यक दस्तावेज खंगाल रहे हैं।


