‘छत्तीसगढ़’ का संपादकीय : मेटा जैसी कंपनियां फर्जी विज्ञापन रोकने के बजाय उनसे कमाने को बेताब…
फेसबुक सहित दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक समय लोगों के लिए पूरी तरह मुफ्त थे। धीरे-धीरे उन पर इश्तहार आने लगे, और फिर हर कुछ महीनों में ये एप्लीकेशन, इस्तेमाल करने वाले लोगों से कई तरह की इजाजत की शर्त रख देते हैं, नतीजा यह निकलता है कि लोगों की देखी गई चीजों, संदेशों में भेजी गई बातों, की गई पोस्ट, या किसी पोस्ट पर कमेंट, किसी तस्वीर या वीडियो पर कुछ देर ठहर जाना, इन तमाम बातों को जोडक़र सोशल मीडिया प्लेटफॉम्र्स के कम्प्यूटर लोगों को रूझान, उनकी जरूरत, और उनकी बेताबी को तौलते रहते हैं। इनके कम्प्यूटर लोगों के बारे में इतना महीन विश्लेषण करते हैं कि लोगों को खुद को अपने बारे में उतना नहीं पता रहता। महीने की किन तारीखों पर, हफ्ते के किन दिनों में, दिन या रात के किन घंटों में लोगों का क्या रूझान रहता है, यह उन लोगों से बेहतर सोशल मीडिया के कम्प्यूटर जानते हैं। इसलिए इन पर आने वाले इश्तहार जिसे दिखते हैं, उसे पूरी तरह निशाना मानकर ही दिखाए जाते हैं। अगर आपने किसी एक सामान का इश्तहार खोलकर देखा, तो उस किस्म के कुछ दूसरे सामानों के भी इश्तहार का सैलाब आ जाता है, और अगर आपने दो-तीन इश्तहारों में दिलचस्पी दिखा दी, तो आप जब तक फंस न जाओ, तब तक अलग-अलग कंपनियों के उसी सामान के इश्तहार दिखाए जाते रहेंगे।
लेकिन इसमें नाजायज कुछ भी नहीं है। नाजायज का सिलसिला अलग शुरू होता है जब लोगों का रूझान जानकर पूरी तरह से फर्जीवाड़े वाले इश्तहार दिखाए जाते हैं। ऐसे-ऐसे सामान ऐसे मिट्टी के मोल दिखाए जाते हैं कि लोग अपने पर काबू पा नहीं सकते। कुछ लोग उस इश्तहार को देखकर जब ऑनलाईन खरीदी करते हैं, तो पता लगता है कि उनके भुगतान के एवज में कोई नकली सामान आ गया है, या घटिया सामान आ गया है। दिलचस्प बात यह है कि धोखा खाए हुए लोग तो विज्ञापन देखने के कई दिन बाद सामान मिल जाने के बाद ही फेसबुक पर कमेंट करते हैं कि यह फ्रॉड है, धोखा है, सामान फेक है, ठगी और जालसाजी है। जब ऐसे कमेंट हफ्ते-पखवाड़े तक वहां पड़े रहते हैं, तब भी फेसबुक न तो उस इश्तहार को हटाता, न धोखाधड़ी पोस्ट करने के लिए माफी मांगता। हमने फेसबुक और ऐसे दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म के कम्प्यूटरों की क्षमता के बारे में खासा पढ़ा हुआ है, और ये अपने विज्ञापनों के नीचे होने वाली नकारात्मक टिप्पणियों को बड़ी आसानी से पल भर में परख सकते हैं। इसके बावजूद अगर वे जांच नहीं करते हैं, धोखाधड़ी को नहीं रोकते हैं, तो उसका एक ही मतलब है कि ये लोग उससे कमाई करने में मशगूल हैं, और उन्हें लोगों के लुटने की कोई परवाह नहीं है।
आज हिन्दुस्तान में अगर कोई अखबार पूरे पेज का इश्तहार छापे, और उसमें असली कार दिखाकर, उस कार के बारे में सौ तरह की खूबियां गिनाकर, बच्चों वाली दो इंच की खिलौना कार भेज दे, और उसे लेकर ढेर सारे लोग उस अखबार को शिकायत करें, पुलिस में धोखाधड़ी के रिपोर्ट लिखाएं, तो भी क्या अखबार की कोई जिम्मेदारी नहीं बनेगी? फेसबुक की कंपनी मेटा के सारे प्लेटफॉर्म जिस तरह से भारत के कानून का मखौल उड़ाते हुए मनमानी कर रहे हैं, उसके बाद यह उम्मीद कम ही है कि जुर्म दर्ज होने से कम किसी बात पर वे ऐसे फर्जी जालसाज इश्तहार दिखाना बंद करेंगे। आज जब बच्चों की पोर्नोग्राफी से जुड़े हुए इसी कंपनी के बहुत सारे कारोबार पर भारत सरकार का नोटिस इसे मिला है, तो इस कंपनी की तथाकथित नैतिकता पर से चर्बी छंटी है, अब उसने भारत सरकार को ऐसे जुर्म की जानकारी देने की बात मानी है। भारत में ग्राहकों के अधिकारों को लेकर उपभोक्ता फोरम बना दिया गया है, और उसके साथ ही मानो सरकारों ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया है। उपभोक्तों फोरमों का हाल यह है कि जिला स्तर पर सुनवाई से बात शुरू होती है, किसी कंपनी या कारोबार के खिलाफ फैसला होने पर वह राज्य फोरम चली जाती है, और आम ग्राहक की ताकत तो प्रदेश स्तर पर वकील करने की रहती नहीं। किसी तरह कोई लड़ भी ले, और कारोबार के खिलाफ फैसला जारी रहे, तो वह कारोबारी नेशनल फोरम चले जाते हैं, और वहां बड़े-बड़े दिग्गज वकील छोटे से ग्राहक के खिलाफ खड़े रहते हैं। कुछ ऐसा ही हाल मेटा जैसे अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म चलाने वाली कंपनियों का है, एक तूफान के मुकाबले एक दीया भला कितनी लड़ाई लड़ सकता है?



