छत्तीसगढ़

‘छत्तीसगढ़’ का संपादकीय : बंद एसी डिब्बों के भीतर ऑक्सीजन बढ़ाने के लिए होती उपासना का साथ दें

अभी एनडीटीवी सहित कई दूसरे समाचार चैनलों पर एक वीडियो आया। एनडीटीवी के नाम का जिक्र इस तरह की बातों को सुरक्षित कर देता है, इसलिए उसका जिक्र शुरू में ही कर दिया है। इसमें ट्रेन के एसी डिब्बे के भीतर बैठा हुआ एक धर्मालु जिसने हाथों और पेट पर चंदन जैसा कुछ लगाया हुआ है, नीचे काली धोती जैसा कुछ पहना है, और ऊपर का बदन धर्मालु अंदाज में खुला हुआ है। खिडक़ी से टिकाकर एक किसी धर्म के ईश्वर की तस्वीर रखी गई है, उसके सामने तरह-तरह की उपासना सामग्री रखी हुई है, एक दीया जलाया हुआ है, और गले में मालाओं वाला यह आदमी जोर-जोर से शंख भी फूंक रहा है। पता नहीं यह किस धर्म का है, लेकिन जिस धर्म का भी हो, रेलगाड़ी को खतरे में डाल रहा है। इसमें धर्म लिखा हुआ नहीं दिख रहा है, इसलिए हम भी मानकर चल रहे हैं कि यह कोई भी धर्म हो सकता है जिसमें दीया जलाकर, शंख फूंककर, तस्वीर रखकर उपासना की जाती है। पूजा लिखने से किसी धर्म की तरफ इशारा माना जा सकता है। अभी कुछ हफ्ते पहले ही ट्रेन की एक दूसरी तस्वीर सामने आई थी जिसमें एसी डिब्बे के भीतर ऊपर की बर्थ पर बैठा हुआ एक आदमी घंटी बजा-बजाकर, दीया जलाकर, सामने कोई फोटो, या मूर्ति रखकर जाने किस धर्म के ईश्वर की उपासना कर रहा था, और डिब्बे के लोग चिल्लात हुए खड़े थे कि इससे डिब्बे में आग फैल सकती है। लेकिन वह धर्मालु अपने इरादों का एकदम पक्का था, उसने किसी की एक न सुनी, और शायद ऐसे ही विधर्मियों और नास्तिकों की चीख-पुकार को अनसुना करने के लिए वह जोर-जोर से घंटी बजाता था। उसमें भी धर्म का जिक्र नहीं था, इसलिए हमारे लिए यह अंदाज लगाना नामुमकिन है कि वह किस धर्म के ईश्वर की उपासना कर रहा था।

हर साल भारत के किसी एक महानगर की लोकल ट्रेन के डिब्बों के सैकड़ों वीडियो सामने आते हैं, एक सालाना धार्मिक त्योहार के मौके पर रोजाना के मुसाफिर डिब्बे के एक हिस्से में किसी ईश्वर को स्थापित करते हैं, और फिर सामूहिक रूप से तरह-तरह के गीत-संगीत से उसकी उपासना होती है। कुछ लोग ढोल-मंजीरा भी ले आते हैं, और आरती भी चलती रहती है। धर्म पता नहीं कौन सा है। ऐसा साल में दो-तीन अलग-अलग धार्मिक त्योहारों पर होता है कि लोकल ट्रेन के डिब्बे के एक हिस्से को उपासना केंद्र बना दिया जाता है। अभी केंद्र सरकार ने दिल्ली में किसी एक मंत्रालय के अहाते में मौजूद मस्जिद को हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में यह कहा है कि भारत एक धर्म-निरपेक्ष देश है, और यहां सरकारी जमीन पर इस तरह से धार्मिक निर्माण सही नहीं है। केंद्र सरकार का यह तर्क मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के एक आदेश के कई बरस बाद सामने आया है, जिसमें हाईकोर्ट ने सरकारी अहातों से धार्मिक निर्माण हटाने के लिए कहा था, उसी सिलसिले में पुलिस थानों की बात भी आई थी कि तकरीबन हर थाने में एक किसी धर्म के ईश्वर का कोई छोटा-बड़ा उपासना स्थल बनाने की परंपरा है। केंद्र सरकार मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के उस आदेश की रौशनी में मध्यप्रदेश के थानों को भी देख सकती है, कि वहां भला कौन से धर्म के उपासना स्थल तकरीबन हर थाने में बन गए हैं, देश तो धर्म-निरपेक्ष है।

देश का आज का माहौल किसी धर्म का नाम लेकर कुछ कहने के लायक नहीं है। सैकड़ों बरस पहले कबीर का वक्त बेहतर था, वे जो चाहे बोल सकते थे, और धार्मिक शोरगुल के खिलाफ खरा-खरा, खड़ा-खड़ा बोल सकते थे कि ईश्वर क्या बहरा हो गया है? आज तो ऐसा लगता है कि कबीर के वक्त बहरे हुए ईश्वर के कान और भी कमजोर हो गए हैं, अब या तो ईश्वर के कानों में हियरिंग एड मशीन लगाई जाए, या फिर लाउडस्पीकरों की आवाज तेज की जाए। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के जज लगता है कि धर्मविरोधी, या नास्तिक हैं, और वे धार्मिक डीजे के खिलाफ कई तरह के बड़बड़ाते हुए आदेश देते रहते हैं। घर के पीछे के कमरे में टूटी खाट पर बैठे हुए खांसते बूढ़ों की बड़बड़ाहट पर घरवाले जितना गौर करते हैं, उससे कुछ कम ही गौर आज की सरकारें सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट की बातों पर करती हैं। इसलिए अगर ट्रेन में दीया-बाती, घंटी-ढोलक, मंजीरा के साथ-साथ अगर हवन भी होते दिखे, तो उस पर आपत्ति नहीं करना चाहिए, उस पर मार खाने का खतरा भी है, और हो सकता है कि रेलवे पुलिस उठाकर नास्तिक कहते हुए चलती ट्रेन से बाहर भी फेंक दे। इसलिए वैज्ञानिक बेवकूफी की बातों को आस्था पर लागू नहीं करना चाहिए। ट्रेनों में आग तो बिना हवन-पूजन के भी लग जाती है, इसलिए हवन-पूजन के दीयों की बाती और ज्वाला से खतरा गिनाने वाले नास्तिकों की बात ज्यादा सुनना नहीं चाहिए। सैकड़ों बरस पहले के एक वैज्ञानिक शोध में बताया गया था कि जिन रेलगाडिय़ों के भीतर पूरे रीति-रिवाजों से धार्मिक उपासना होती है, उन रेलगाडिय़ों का एक्सीडेंट नहीं होता। कल के दिन अगर बकरे काटने वाले किसी त्यौहार के आसपास अगर आपके डिब्बे में कोई बकरा लेकर चढ़े, और आपको खून-खराबे से परहेज हो, तो आपको डिब्बा बदल लेना चाहिए। भारत एक धर्म-निरपेक्ष देश है, सभी धर्मों के लोगों को अपने-अपने रीति-रिवाजों का पालन करने की छूट है। लोकल ट्रेनों में तो डिब्बे के एक हिस्से को उपासना केंद्र बनाने की भी छूट है। इसलिए बकरा लेकर चलने वाले को भी धार्मिक अधिकार मिले हुए हैं, आपको देखना अच्छा न लगे, बकरे की चीखें सुनना खराब लगे तो डिब्बा बदल लें। उधर ऊपर वाले को तो कोई भी चीख सुनाई देती नहीं है, चाहे वह इंसान की हो, चाहे बकरे की। और किसी एक त्यौहार के दिन काटे जाने वाले बकरों के अलावा साल के हर दिन देश में लाखों बकरे काटे जाते हैं, और अलग-अलग कई धर्मों के लोग उसका मजा लेते हैं। देश धर्म-निरपेक्ष है, इसलिए बकरों पर किसी एक धर्म का एकाधिकार नहीं है। बकरे सबके हैं, और किसी के भी नहीं हैं। कटने के पहले तक वे सबके रहते हैं, और कटने के बाद किसी के नहीं रहते। इसलिए ट्रेन में धार्मिक रीति-रिवाज के मुताबिक अगर कभी बकरा कटते दिखे, तो उसका बुरा मत मानिए, ट्रेन में एक से अधिक डिब्बे रखे इसीलिए जाते हैं, कि आप किसी गैर-बकरा डिब्बे में जाकर बैठ सकें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button