डीएड वालों की नियुक्ति जल्द करेंगे- सीएम साय

छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 27नवंबर । 337 दिनों से सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जल्द नियुक्ति का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों से कहा, मामला मेरे संज्ञान में है बहुत जल्द करेंगे और डीएड वालों की नियुक्ति जल्द करेंगे।
गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में डीएड अभ्यर्थी संजय कश्यप और कुलेश्वर राठौर पहुंचे थे। दोनों ने मुख्यमंत्री के सामने सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष 2300 पदों पर नियुक्ति का मुद्दा उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री को पूरे मामले की जानकारी देते हुए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन कराने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि लंबे समय से संघर्ष कर रहे अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है, जिससे उनके सामने भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
अभ्यर्थियों की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री का यह कहना कि मामला उनके संज्ञान में है और डीएड अभ्यर्थियों की नियुक्ति जल्द की जाएगी, आंदोलनरत अभ्यर्थियों के लिए बड़ी उम्मीद बनकर सामने आया है। इससे पहले भी हर स्तर पर मिले आश्वासनों के बाद अब सबकी निगाहें शासन के अगले कदम पर टिकी हैं।



