HTPS से सेवानिवृत्त हुए कार्यपालक निदेशक एवं कनिष्ठ पर्यवेक्षक को दी गई भावपूर्ण विदाई
कोरबा 02 नवंबर 2026 -हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम से माह अक्टूबर में कार्यपालक निदेशक (उत्पादन) हेमंत कुमार सिंह और कनिष्ठ पर्यवेक्षक नवल कुमार कुजूर सेवानिवृत्त हो गए। सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारी एवं कर्मचारी को पाॅवर कंपनी परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर कार्यक्रम के अध्यक्ष अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके. गुप्ता ने उनके योगदान एवं कार्यों की सराहना करते हुए पाॅवर कंपनी की ओर से आभार जताया।
अतिरिक्त मुख्य अभियंता गुप्ता के हाथों सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी को स्मृतिचिह्न व सेवा प्रमाण-पत्र भेंट किया गया। समारोह में विशिष्टि अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता आरके. पांडे, एके. शाह, केएनबी. राव, एसके. नायर, एससी. पाठक, एसके जायसवाल, परियोजना प्रबंधक एसके. पंड्या और वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ एके. कुरनाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। रविंद्र सांस्कृतिक भवन (सीनियर क्लब) में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ व सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
पाॅवर सेक्टर में हेमंत कुमार सिंह कंट्रोल एवं इंस्ट्रुंमेंटेशन के विशेषज्ञ माने जाते हैं। उन्होंने कोरबा पश्चिम में 500 मेगावाट की विस्तार परियोजना के इरेक्शन व कमीशनिंग के साथ 210 मेगावाट इकाइयों के डिजिटल कंट्रोल सिस्टम का कार्य पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा अपने 39 से 41 वर्षों के दीर्घ कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए कनिष्ठ पर्यवेक्षक रविंद्र साहू द्वारा सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी के जीवन परिचय का उल्लेख किया गया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन अधीक्षण अभियंता (मानव संसाधन) मनोज मिश्रा द्वारा किया गया। दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में मुख्यालय रायपुर से कार्यपालक निदेशक (परियोजना) सुभाष शर्मा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (परियोजना) आयुष्मान ठाकर, पीजीटीआई कोरबा पूर्व के कार्यपालक निदेशक एसके. बंजारा, डीएसपीएमटीपीएस कोरबा पूर्व के मुख्य अभियंता संजीव कंसल, मुख्य अभियंता (सेवानिवृत्त) पीके स्वेन, पीके. श्रीवास्तव, आशुतोष देवांगन, प्रशांत बापट, पीके. जोशी समेत बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्तों के परिजन उपस्थित रहे।



