खाना बनाने की बात पर बहनों में विवाद, लॉ की छात्रा की चली गई जान

छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 7 अक्टूबर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के भटचौरा गांव में 21 वर्षीय कानून की छात्रा की मौत से परिवार में मातम छा गया। रविवार सुबह घर में खाना बनाने को लेकर बहनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे पहले मस्तूरी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए सीआईएमएस रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गईर
भटचौरा निवासी किसान विषंभर पुरैना की बेटी सोनिया पुरैना बलौदाबाजार जिले में कानून की पढ़ाई कर रही थी। रविवार सुबह वह घर पर थी। इसी दौरान बड़ी बहन ने उसे खाना बनाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
विवाद के बाद सोनिया की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
मस्तूरी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीआईएमएस भेज दिया। वहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही समय बाद छात्रा ने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।



