छत्तीसगढ़

कोरबा में विश्व मधुमेह दिवस पर निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, 36 मरीजों ने उठाया लाभ

0 डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने दी चिकित्सा परामर्श एवं उपचार की सेवाएं, मधुमेह से बचाव के लिए जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने की दी सलाह

कोरबा, 14 नवंबर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आज 14 नवंबर 2026 को लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। पतंजलि चिकित्सालय, शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड कोरबा में आयोजित इस शिविर में 36 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श का लाभ उठाया। शिविर में निःशुल्क रक्त शर्करा जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

शिविर का शुभारंभ नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा एवं शिविरार्थियों ने आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि तथा भारत माता के पूजन के साथ किया। इस दौरान आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. शर्मा ने मरीजों को मधुमेह सहित विभिन्न साध्य, असाध्य एवं कष्टसाध्य रोगों के लिए आयुर्वेदिक चिकित्सा परामर्श और उपचार प्रदान किया।

डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने मधुमेह रोगियों को आयुर्वेद के अनुसार खानपान, दिनचर्या और ऋतुचर्या की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आरामदायक जीवनशैली मधुमेह के प्रमुख कारणों में से एक है। जो लोग लंबे समय तक कुर्सी या गद्दी पर बैठे रहते हैं और नियमित व्यायाम, योग एवं प्राणायाम नहीं करते, उनमें मधुमेह का खतरा अधिक हो सकता है। मधुमेह मुख्यतः जीवनशैली से जुड़ा रोग है, इसलिए इससे बचाव के लिए अपनी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव करना जरूरी है।

उन्होंने मधुमेह नियंत्रण के लिए मण्डूकासन, शशकासन, पादहस्तासन, वक्रासन और मर्कटासन सहित विभिन्न योगासनों का व्यक्तिगत प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही भस्त्रिका, कपालभाति एवं अनुलोम-विलोम प्राणायाम का अभ्यास भी कराया। उन्होंने सभी लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों, योग और प्राणायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी।

शिविर में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, सचिव प्रत्युष सक्सेना, कोषाध्यक्ष सुधीर सक्सेना, उपाध्यक्ष गजेंद्र राठौड़ सहित अश्विनी बुनकर, नेत्रनन्दन साहू, कमल धारिया, अरुण मानिकपुरी, सिद्धराम शाहनी, देवबली कुंभकार, बबलू सोनी, अनुराग कंवर, गुनगुन राठिया, पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ, शैल कुमारी निषाद एवं शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा उपस्थित रहीं। सभी ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button