80 प्लस नागरिकों को सहायक के साथ निःशुल्क बस पास, महासंघ के प्रयास सफल

मुख्य सचिव की पहल का स्वागत, व्यापक प्रचार-प्रसार की मांग
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 10अक्टूबर । छत्तीसगढ़ में 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को एक सहायक सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा का लाभ दिलाने के लिए भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रयासों का सकारात्मक असर सामने आया है। महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने शासन की इस जनकल्याणकारी योजना के क्रियान्वयन की दिशा में हुई कार्रवाई का स्वागत करते हुए मुख्य सचिव विकासशील का आभार व्यक्त किया है।
नामदेव ने बताया कि महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने 10 अगस्त को मुख्य सचिव विकासशील से प्रत्यक्ष भेंट कर 30 सितंबर 2021 को जारी शासनादेश का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया था।
समाचारों के अनुसार, प्रदेश में 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के 8 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को बस पास जारी किए जा चुके हैं। रायपुर में ही लगभग 2 हजार बस पास जारी होने की जानकारी दी गई है। महासंघ ने इसे वरिष्ठ नागरिकों को राहत पहुंचाने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया है। उन्होंनेबस संचालकों को शासनादेश का पालन सुनिश्चित कराने और वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने की व्यवस्था की जाए।
जारी विज्ञप्ति में श्रीमति द्रौपदी यादव,जे पी मिश्रा, एन आर साहू , अनिल गोल्हानी , प्रवीण कुमार त्रिवेदी, टी पी सिंह, एन के कनौजे,डॉ शेषा सक्सेना, शैलेन्द्र कुमार सिन्हा,आर जी बोहरे,ओ डी शर्मा, आर एन ताटी,रूपनारायण झाड़ी, ओ पी भट्ट, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, एस एस भदौरिया,एस के धातोडे, कासिमुद्दीन, एस एन देहरी, आर डी झाड़ी, मानिक चंद, गुरुचरण सिंह, प्रेमचंद गुप्ता, रमेश नंदे, मंगरा राम महतो, नारायण प्रसाद यादव,शैलेन्द्र अग्रवाल, अनिल पाठक, बी आर रावत, बी एस दसमेर, एम एन पाठक, लता चावड़ा ए के दीक्षित आदि ने कहा है कि बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी है, जहां अनेक स्थानों पर रेल परिवहन की सुविधा उपलब्ध नहीं है अथवा सीमित है। 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को एक सहायक सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें सामाजिक, पारिवारिक, धार्मिक और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।



