दंतेवाड़ा से अमेरिका तक बनाई पहचान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गणेश कुमार कर को लिखी स्नेह भरी पाती

रायपुर, 06 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले की माटी से निकलकर अमेरिका में अपनी पहचान बनाने वाले प्रवासी छत्तीसगढ़िया गणेश कुमार कर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर स्नेह भरा पत्र लिखकर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विदेश में रहते हुए भी छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा, परंपरा और विरासत को सहेजने के साथ प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को एकजुट करने के उनके प्रयासों की सराहना की है।
मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत पत्र मिलने पर गणेश कुमार कर ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश साझा कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने वीडियो में मुख्यमंत्री का पत्र भी प्रदर्शित किया।
मुख्यमंत्री साय ने अपने पत्र में कहा कि दंतेवाड़ा से अमेरिका तक गणेश कुमार कर की यात्रा प्रेरणादायक है। विदेश में रहने के बावजूद अपनी जन्मभूमि, भाषा और सांस्कृतिक विरासत से उनका जुड़ाव प्रदेश के युवाओं के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़े रहकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना गर्व की बात है।

मुख्यमंत्री ने नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) के माध्यम से विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ियों को संगठित करने के प्रयासों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि विदेशों में छत्तीसगढ़ी बोली, तीज-त्योहार और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने से प्रवासी समुदाय अपनी मातृभूमि से जुड़ा रहता है।
गणेश कुमार कर की ओर से आयोजित स्वदेशी मेले की पहल को भी मुख्यमंत्री ने सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों, कला, संस्कृति और परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प को आगे बढ़ाता है।
मुख्यमंत्री ने गणेश कुमार कर की ‘उड़ान’ पहल की भी प्रशंसा की। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा और छात्रवृत्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों को उन्होंने सामाजिक जिम्मेदारी और मातृभूमि के प्रति समर्पण का उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री साय ने अपने पत्र में विकसित भारत 2047 और विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेशों में बसे छत्तीसगढ़ियों का अनुभव, ज्ञान और अपनी जन्मभूमि के प्रति लगाव प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने गणेश कुमार कर से विदेशों में निवासरत सभी छत्तीसगढ़ियों तक राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं पहुंचाने का आग्रह भी किया।
उल्लेखनीय है कि दंतेवाड़ा जैसे आदिवासी बहुल वनांचल जिले से निकलकर अमेरिका में पहचान बनाने वाले गणेश कुमार कर आज भी अपनी जन्मभूमि और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े हुए हैं। प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को एकजुट करने, भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग के उनके प्रयास सराहनीय हैं। मुख्यमंत्री का यह पत्र विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ियों के प्रति राज्य सरकार के आत्मीय जुड़ाव को भी दर्शाता है।
SEO Tags: छत्तीसगढ़ समाचार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गणेश कुमार कर, दंतेवाड़ा समाचार, अमेरिका में छत्तीसगढ़िया, NACHA, प्रवासी छत्तीसगढ़िया, स्वदेशी मेला, विकसित छत्तीसगढ़ 2047, छत्तीसगढ़ संस्कृति।

