कोरबा में गुंडा बदमाश पंकज शर्मा गिरफ्तार, 13 इंच का धारदार हथियार जब्त; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
- जिला बदर का प्रकरण न्यायालय में लंबित, बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करने पर बॉन्ड राशि जब्त करने की कार्रवाई भी शुरू
कोरबा, 17 नवंबर 2026। कोरबा पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त गुंडा बदमाश एवं आदतन अपराधी पंकज शर्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 13 इंच लंबा लोहे का धारदार हथियार भी जब्त किया है। यह कार्रवाई थाना कोतवाली अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पंकज शर्मा द्वारा धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने का मामला सामने आया था। इस पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 934/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार जब्त किया। हथियार की कुल लंबाई लगभग 13 इंच है, जिसमें धारदार फल की लंबाई करीब 10 इंच और मूठ की लंबाई लगभग 3.5 इंच बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि पंकज शर्मा क्षेत्र का आदतन अपराधी एवं गुंडा बदमाश है। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है, जो फिलहाल लंबित है।
इसके अलावा आरोपी के खिलाफ पूर्व में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 129 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराया गया था। उसे शांति एवं सदाचार बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद आरोपी ने बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करते हुए दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता दिखाई। इस पर पुलिस ने जमा बॉन्ड राशि जब्त करने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज शर्मा (31 वर्ष), निवासी अमरैयापारा, कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



