धमतरी में चाकूबाजी और मारपीट का आरोपी गिरफ्तार, चाकू व स्टील का कड़ा जब्त; भेजा गया जेल
धमतरी, 04 नवंबर 2026। जिले में गुंडे-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कुरुद पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बंटची चाकू और स्टील का कड़ा भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मरौद निवासी देवाशीष माहिलकर (23 वर्ष) ने थाना कुरुद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे हाई स्कूल के पास पुरानी रंजिश को लेकर डिलेश्वर उर्फ दिलू यादव और पप्पू मंडावी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर हाथ-मुक्के, बेल्ट के बक्कल और स्टील के कड़े से उसके चेहरे और सिर पर हमला कर दिया। इस दौरान डिलेश्वर यादव ने बंटची चाकू दिखाकर उसे डराया-धमकाया।
प्रार्थी के मेडिकल परीक्षण में धारदार हथियार से चोट लगने की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामले में धारा 118(1) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 भी जोड़ी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SP भावना पांडेय के निर्देश पर कुरुद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने ग्राम मरौद में दबिश देकर मुख्य आरोपी डिलेश्वर उर्फ दिलू यादव (21 वर्ष), पिता हेमंत यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने गवाहों के समक्ष उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया बंटची चाकू और स्टील का कड़ा जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 366/26 के तहत धारा 296(ख), 115(2), 351(2), 3(5), 118(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी पप्पू मंडावी की तलाश की जा रही है।

