मुंगेली में भीषण सड़क हादसा, विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत तीन की मौत

सुबह की सैर पर निकले थे तीनों, तेज रफ्तार पिकअप ने कुचला
छत्तीसगढ़ संवाददाता
मुंगेली, 15 अक्टूबर। मुंगेली में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में विधायक और पूर्व खाद्य मंत्री पुन्नूलाल मोहले के रिश्तेदार सहित तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों सुबह की सैर पर निकले थे, तभी मुंगेली की ओर जा रही एक पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पिकअप सहित चालक फरार है।
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। अधिन दास मोहले अपने दो साथियों बल्लू बघेल और गंगा राम के साथ मुख्य सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान मुंगेली की ओर जा रही पिकअप ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि तीनों को तत्काल मुंगेली जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जरहागांव थाना प्रभारी ने तीनों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस हादसे के कारणों और पिकअप चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
मृतक अधिन मोहले, विधायक पुन्नूलाल मोहले के पिता के बड़े भाई के बेटे थे। अन्य दोनों मृतकों के बीच भी भाई का रिश्ता था। हादसे में तीन लोगों की एक साथ मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दशरंगपुर गांव में भी शोक का माहौल है।
इस हादसे ने बिलासपुर से तखतपुर होते हुए मुंगेली जाने वाली सड़क की खराब हालत को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि सड़क लंबे समय से जर्जर है और इसकी बदहाली को लेकर शिकायतें भी की जाती रही हैं। इसके बावजूद सुधार के लिए ठोस कार्रवाई नहीं होने से आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जरहागांव पुलिस हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है, ताकि टक्कर की परिस्थितियों और पिकअप की आवाजाही के बारे में जानकारी मिल सके।


