पेंड्रा में भीषण सड़क हादसा: हार्वेस्टर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक-युवती की मौत; चालक फरार
पेंड्रा, 06 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और युवती की मौत हो गई। पेंड्रा थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव के पास हार्वेस्टर और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद हार्वेस्टर चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान बस्ती बगरा निवासी 17 वर्षीय दुलरिया बाई और घाटबहरा निवासी मुकेश पोरते के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान अमरपुर गांव के पास सामने से आ रहे हार्वेस्टर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर 112 आपातकालीन सेवा की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने युवती को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दोनों के शव अस्पताल की मरचुरी में सुरक्षित रखवाए गए हैं। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
इधर, हादसे के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पेंड्रा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ फरार चालक की तलाश में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक और युवती कहां जा रहे थे। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



